
मेरठ – बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर प्रदेश भर में ‘ड्राई डे’ घोषित किया गया था, लेकिन मेरठ की फूल बाग कॉलोनी में देसी शराब के ठेके पर कानून की धज्जियाँ उड़ाते हुए अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्थानीय प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ठेके पर ग्राहकों की भीड़ लगी हुई है और शराब की बिक्री धड़ल्ले से जारी है। जबकि प्रशासन की ओर से स्पष्ट आदेश थे कि अंबेडकर जयंती पर शराब की बिक्री पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी।
स्थानीय निवासियों ने भी इस अवैध गतिविधि पर नाराज़गी जाहिर करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि बाबा साहेब के सम्मान और सामाजिक मर्यादा के भी खिलाफ है।
अब सवाल यह उठता है कि संबंधित विभाग – विशेषकर आबकारी विभाग और पुलिस – इस वीडियो और इससे जुड़ी गतिविधियों पर क्या कार्रवाई करेंगे? क्या सिर्फ वीडियो वायरल होने पर ही हरकत में आएंगे या पहले से ऐसे ठेकों पर निगरानी रखी जा रही थी?
शहरवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करेगा और ऐसे गैरकानूनी कामों में लिप्त लोगों पर कठोर दंडात्मक कदम उठाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।