
गाजियाबाद। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने मंगलवार को रिछपाल गढ़ी की पुलिया के पास से अवैध गांजा की तस्करी में लिप्त दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से 10 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा और बिक्री से संबंधित ₹18,250 नगद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान शबनम पत्नी बब्लू (उम्र 30 वर्ष) और ज्योति आर्यन पत्नी कैलाश चन्द आर्यन (उम्र 32 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी महिला लाल क्वार्टर, थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक, जनपद गाजियाबाद की रहने वाली हैं। एसीपी वेव सिटी उपासना पाण्डेय के अनुसार, पुलिस टीम नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर इन दोनों महिलाओं को दबोचा गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे चोरी-छिपे गांजा मंगवाकर उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में राहगीरों को बेचती थीं और इससे मुनाफा कमाती थीं। पुलिस के अनुसार, शबनम एक शातिर तस्कर है जिसके खिलाफ पहले से ही गांजा तस्करी के कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं,जिनमें से 6 थाना विजयनगर और 2 थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में पंजीकृत हैं। वह थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक की हिस्ट्रीशीटर भी है।दोनों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।